Home Featured बैंगनी हॉल्ट निर्माण केलिए चल रहे आंदोलन को सीपीएम ने दिया समर्थन।
Featured - मुख्य - October 11, 2022

बैंगनी हॉल्ट निर्माण केलिए चल रहे आंदोलन को सीपीएम ने दिया समर्थन।

दरभंगा: बेनीपुर प्रखंड के सकरी- हरिनगर रेलखंड पर बैगनी गांव के पास हॉल्ट निर्माण की मांग को लेकर हॉल्ट निर्माण संघर्ष समिति द्वारा अनिश्चितकालीन रेल रोको आंदोलन को सीपीआईएम ने समर्थन दिया है। आंदोलनकारियों की मांग को जायज बताते हुए सीपीआईएम ने अविलंब डीआरएम से बैगनी में हाल्टनिर्माण अविलंब शुरू कराने की मांग की है।

सीपीआईएमराज्य सचिव ललन चौधरी एवंराज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने संयुक्त रुप से आंदोलनकारियों के बीच आंदोलन स्थल पर पर पहुंचकर पूर्व में हाल्ट निर्माण करने की घोषणा से संबंधित जानकारी हासिल की। आंदोलनकारियों से प्राप्त जानकारी के बाद दरभंगा लौटने पर सीपीआईएम नेताओं ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि वर्ष 2008 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा यहां हॉल्ट निर्माण करने की घोषणा की गयी थी। उसके बाद बैगनी हाल्ट निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड एवं केंद्र सरकार द्वारा ढाई एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया। यहां रेलवे द्वारा हाल्टनिर्माण के लिए पीलर भी गाड़ा गया। इसके बावजूद यहां हॉल्ट निर्माण नहीं कराया जा रहा है और इसे नजरअंदाज कर इस क्षेत्र के लोगों के साथ नाइंसाफी किया जा रहा है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि हॉल्ट निर्माण में विलंब होने के कारण यहां कई दिनों तक रेल जाम आंदोलन हुआ था। उस दौरान डीआरएम ने यहां हाल्ट निर्माण अविलंब करवाने का आश्वासन दिया था। मगर यहां हाल्टनिर्माण नहीं कराया गया। लगभग 48 गांव की बड़ी आबादी को इस हॉल्ट के बनने से सुविधा मिलेगी।

उन्होंने दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा कि इसे नजरअंदाज कर स्थानीय सांसद राजनीतिक साजिश के तहत हॉल्ट निर्माण नहीं करा कर इसे दूसरी जगह बनवाना चाहते हैं। यह बहुत ही निंदनीय है। इस इलाके के आम लोगों के साथ सांसद अन्याय कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का साफ-साफ कहना है कि बैगनी में हाल्टनिर्माण के साथ-साथ दूसरे जगह भी अगर हाल्टनिर्माण हो तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। मगर हाल्ट निर्माण यहां नहीं कराया जाता है तो यह सरासर इस इलाके के जनता के साथ गद्दारी है। आंदोलनकारियों ने हाल्टनिर्माण तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

सीपीआईएम राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर सीपीआईएम विधायक दल के नेता सचेतक कामरेड अजय कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीआरएम से मिलकर आंदोलनकारियों के जायज मांगों से अवगत कराएंगे। साथ ही इस आंदोलन के समर्थन में 19 अक्टूबर को समाहरणालय पर महाधरना का आयोजन किया जाएगा।

Share