
एक ही परिवार के तीन बच्चों ने न्यायिक सेवा में सफलता हासिल कर बढ़ाया मिथिला का मान।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 31वीं न्यायिक सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इसमें दरभंगा जिला के बहेड़ी प्रखंड के नौडेगा गांव के एक ही परिवार के तीन बच्चों ने सफलता हासिल कर परिवार, गांव सहित सम्पूर्ण मिथिला क्षेत्र का गौरव बढ़ाया हैं।
सफलता प्राप्त करने वालों में बिहार पुलिस सब इंस्पेक्टर सह मैराथन धावक से रिटायर्ड सुरेंद्र लालदेव एवं आभा देवी की सुपुत्री कुमारी शिप्रा एवं नेहा कुमारी एवं उसी परिवार के अजय कुमार के पुत्र अनंत कुमार ने सफलता हासिल की है। सभी ने सफलता का श्रेय अपने माता पिता एंव शिक्षक को दिया है।

बताते चलें तीनों बच्चे क्लैट (CLAT) के माध्यम से चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के छात्र रहे हैं। वहां उन्होंने एलएलएम तक की पढ़ाई की है और तीनों ने प्रथम प्रयास में ही यह सफलता हासिल की है।
मौके पर शिप्रा ने तैयारी कर रहे छात्रों को सुझाव देते हुए कहा कि अपने आप पर भरोसा रखें और कभी भी अपने आपको निराश ना होनें दें। यदि आप लगातार प्रयास में लगे हुए हैं तो सफलता जरूर हासिल होगी। कोई भी अच्छी चीज थोड़ी देरी से मिलती है। उसके लिए सब्र सबसे ज्यादा जरूरी है। असफलता से कभी निराश नहीं होना चाहिए और लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। सफलता जरूर मिलेगी।

