
प्रिंस हत्याकांड मामले में हंगामा करने वाले परिजनों पर दर्ज हुई दो प्राथमिकी।
दरभंगा: बुधवार की देर शाम तक प्रिंस हत्याकांड मामले में परिजनों द्वारा हंगामा करने के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गयी है। हंगामा करने के आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, बहादुरपुर थाना क्षेत्र के रामनगर आईटीआई स्थित बिजली ऑफिस के सामने पुलिस की निगरानी में जमानत पर छूटी महिला को घर में शिफ्ट कराने के दौरान बुधवार की शाम जमकर बवाल मचा। इस मचे बवाल को लेकर दो प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने हंगामा करने वाले सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।एक प्राथमिकी स्थानीय चौकीदार मनीष कुमार पासवान के आवेदन पर तथा दूसरी प्राथमिकी गोविंद यादव की पत्नी निर्मला देवी के बयान पर दर्ज हुई है। इसमें रामनगर आईटीआई निवासी स्व. रामरूप यादव के पुत्र विजय यादव, विजय यादव के दो पुत्र चंदन यादव, कुंदन यादव, पुत्री रिया कुमारी उर्फ मनीषा, विजय यादव की पत्नी बिंदु देवी, स्व0 राम स्वरूप यादव की पत्नी जिबछी देवी, सुरेश यादव की पत्नी कमली देवी को नामजद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रभारी थाना अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार लोगो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बताते चलें कि 16 मई 2022 को विजय कुमार यादव के नाबालिग पुत्र प्रिंस कुमार की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर मृतक के पिता विजय यादव के फर्दब्यान पर गोविंद यादव, निर्मला देवी सहित अन्य लोगो पर हत्या का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने गोविंद यादव की पत्नी निर्मला देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। निर्मला देवी को जमानत मिल गई और वह जेल से बाहर आई। बुधवार की शाम निर्मला देवी पुलिस संरक्षण में अपने घर पर पहुंची, तो विजय यादव, चंदन यादव, बिंदु देवी सहित कई लोग बवाल करने लगे। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। इस दौरान लहेरियासराय एवं बहादुरपुर थाना की पुलिस को काफी आक्रोश का सामना करना पड़ा था। मृतक प्रिंस के परिजन एवं अन्य लोग आईजी आवास तक हंगामा करते पहुंच गए थे। ये लोग पुलिस पर कई गंभीर आरोप भी लगा रहे थे। इसके बाद सभी को लहेरियासराय थाना लाया गया। फिर बहादुरपुर थाना ले जाकर कार्रवाई की गई।

