
एडोलेसेंट प्रोग्राम फॉर गर्ल्स से संबंधित प्रशिक्षण शिविर का हुआ आयोजन।
दरभंगा: समग्र शिक्षा अभियान, बिहार शिक्षा परियोजना की ओर से शुक्रवार को प्लस टू बीकेडी जिला स्कूल में एडोलेसेंट प्रोग्राम फॉर गर्ल्स से संबंधित प्रशिक्षण का आयोजन हुआ।
उद्घाटन समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ नवीन कुमार ठाकुर, जिला स्कूल के प्राचार्य डॉ. नरेश झा, संभाग प्रभारी सायरा खातून व बिहार शिक्षा परियोजना के अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

मास्टर ट्रेनर के रूप में कुमारी पुष्पलता व अर्चना कुमारी ने प्रशिक्षण दिया। इसमें जिले के 54 माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को राज्य परियोजना कार्यालय से निर्देशानुसार प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षिकाओं की ओर से विद्यालयों में छात्राओं में किशोरावस्था में उम्र के साथ होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन के संबंध में जागरूक करना तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा देना इस प्रशिक्षण का उद्देश्य रहा। 
डीपीओ श्री ठाकुर ने प्रशिक्षुओं से कहा कि आप इस प्रशिक्षण को प्राप्त कर अपने विद्यालय में नामांकित किशोरियों को एक निश्चित उम्र के बाद उनमें होने वाले परिवर्तन एवं जिज्ञासा को शांत करेंगे।
प्राचार्य डॉ. झा ने कहा कि इन जिज्ञासाओं की संतुष्टि के बाद छात्राएं अपनी दिनचर्या एवं अपने स्वस्थ जीवन को आगे बढ़ाने में बेहिचक प्रगति के पथ पर बढ़ती हैं।

