
24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया चोरी का उदभेदन, सामान के साथ चोर गिरफ्तार।
दरभंगा: पुलिस की सुस्ती के कारण शहर एवं आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में बेहताशा वृद्धि आ गयी थी। पर सदर एसडीपीओ अमित कुमार के प्रभार ग्रहण करने के साथ ही सड़क पर खुद गश्ती में निकलने का असर पुलिसिंग पर दिखा। देर रात अनावश्यक मटरगश्ती करने वालों को पकड़ कर थाना लाने की शुरुआत का भी असर दिखा और चोरी में थोड़ा ब्रेक लगा। शायद इसी का असर है कि नगर थानाक्षेत्र में हुए एक चोरी के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर चोर को भी पकड़ लिया और सामान भी बरामद कर लिया।
दरअसल पूरा मामला दरभंगा नगर थाना इलाके के टावर चौक स्थित बसेरा गली का है। स्थानीय व्यवसायी राजन साह के घर रात करीब एक बजे चोरो ने दबे पाँव घुसकर सोने चांदी के गहने के अलावा पैतीस हजार नगद राशि की चोरी कर ली। देर रात ही परिवार के सदस्य की आँख खुली तो घर के हालत देख हैरान हो गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था। लगभग पांच भर सोने के गहने और पैतीस हजार नगदी गायब थे। आनन फानन में परिवार वालो ने इसकी सूचना नगर थाने को दी। 
गजब की चुस्ती दिखाते हुए करीब तीन बजे रात में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पांच बजे सुबह तक आसपास के कई सीसीटीवी को खंगाल दिया। सुबह करीब सात बजे चोरी की घटना में शामिल दो चोरों को उसके घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकडे गए चोर की पहचान सितारे और एजाज के रूप में हुई है। दोनों उसी मुहल्ले के रहनेवाले है।
पुलिस ने पूछताछ में सख्ती दिखाई तो चोरी के गहने भी चोरो की निशानदेही पर एक नाले से बरामद कर लिया गया। हलाकि नगद रुपये का अबतक कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को दरभंगा सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी मीडिया को दी। पुलिस की उपलब्धि की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा की जो भी आभूषण चोरी हुआ था, सभी बरामद कर लिया गया है। सिर्फ नगद राशि को बरामद करना शेष रह गया है। फिलहाल अभी पूछताछ दोनों चोर से की जा रही है। दोनों पकडे गए चोरों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।


