
नीतीश कुमार बिहार ही नहीं, देश स्तर पर एक ब्रांड हैं: विनय चौधरी।
दरभंगा: नीतीश कुमार बिहार ही नहीं देश स्तर पर एक ब्रांड हैं। यही कारण है कि आज उनकी छवि तथा उनकी नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में जदयू के सदस्यता अभियान में लोगों की भागीदारी हो रही है। दरभंगा जदयू जिलाध्यक्ष सह बेनीपुर विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी ने बहेड़ी पूर्वी पंचायत के विभिन्न वार्डों मे सदस्यता अभियान के क्रम में उपरोक्त बातें कही है। प्रो चौधरी ने जदयू की खूबियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आज एक तरफ राजनीति में परिवारवाद, भ्रष्टाचार तथा अकूत संपत्ति के सहारे लोकतंत्र को भ्रष्ट करने की होड़ मची है, लेकिन नीतीश कुमार देश के अपवाद राजनेता हैं। जिन्होंने गांधी, लोहिया, जेपी तथा कर्पूरी के सिद्धांतों के सहारे अपनी राजनीतिक पहचान जिन्दा रखे हैं।

जिलाध्यक्ष सह विधायक प्रो चौधरी ने सदस्यता अभियान में महिलाओं तथा वंचित वर्ग के साथ अकलीयतों की बढ़ रही भागीदारी की चर्चा करते हुए कहा कि अपने शासन काल में नीतीश कुमार ने समाज के हर वर्ग के सम्यक् विकास के लिए खुद को समर्पित कर दिया है। यही कारण है कि लोगों की नजरों में नीतीश कुमार सभी जातियों के नेता हैं। जदयू के सदस्यता अभियान की पूर्ण सफलता का दावा करते हुए प्रो चौधरी ने कहा कि आनेवाले समय में जदयू एक यह अभियान देश स्तर पर एक उदाहरण साबित होगा। जिसके लिए कार्यकर्ता ईमानदारी से जुटे हैं।

बहेड़ी प्रखंड के पूर्वी पंचायत के हर घर में पहुंच कर लोगों को सदस्यता दिलवाते हुए नीतीश कुमार के कार्यों की जानकारी दी। इस अभियान के क्रम में विधायक प्रो चौधरी के साथ जदयू के युवा जिलाध्यक्ष रामाशंकर सिंह, युवा जदयू के प्रदेश सचिव विकास यादव, गजेंद्र प्रसाद सिंह, मनीष कुमार, जैनेंद्र सिंह, नवीन सिंह, लालो पासवान, समतोलीया देवी, रामबाबू पासवान, रविन्द्र कुमार सिंह, चंदन कुमार, संतोष पासवान, अमिताभ कुमार, रविन्द्र कुमार, दानी प्रसाद सिंह, राघवेंद्र प्रसाद, राहुल कुशवाहा आदि मौजूद थे।

