
दुकान का शटर तोड़कर दस लाख से अधिक की चोरी।
दरभंगा: जिले में शहर से लेकर गांवों तक चोरों का आतंक कायम है। प्रतिदिन चोरी की घटनाओं में इजाफा जारी है। इसी क्रम में मनीगाछी थाना क्षेत्र के सकरी बाजार में कारी झा मार्केट स्थित संगम मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर गत 20 अक्टूबर की रात चोरों द्वारा लाखों रुपए के मोबाइल एवं अन्य सामानों की चोरी कर ली गई।
इस संबंध में थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव निवासी दुकानदार सुभाष कुमार ने बताया कि देर शाम दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए। सुवह जब दुकान पहुंचे, तो शटर टूटा हुआ था। दुकान में रखे करीब 10 लाख के मोबाइल एवं एसेसरीज की चोरी कर ली गई थी। इसके संबंध में मनीगाछी थानाध्यक्ष को सूचना दी गई एवं आवेदन भी दिया गया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी पर जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी को भेजा गया था। दुकान के मालिक की ओर से आवेदन मिलने पर उचित कारवाई की जाएगी।
दुकानदार सुभाष कुमार ने बताया कि विगत 2015 में 17 मार्च को भी दुकान का शटर तोड़कर दो लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया गया था। 

