
नाबालिग का यौन शोषण कर बनाया गर्भवती, चाइल्डलाइन की पहल पर मामला पहुंचा थाने।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: जिले में एक 16 वर्षीय युवती को एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति द्वारा लगातार यौन शोषण का शिकार बनाकर गर्भवती बनाने का मामला सामने आया है। लोक लाज के चलते मामले को छिपाते रहने के बाद मंगलवार की शाम अंततः चाइल्ड लाइन के सहयोग से मामला महिला थाना पहुँचा। युवती लगभग आठ महीने की गर्भवती बतायी जाती है।

मामले के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सदर क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय युवती घर में उसके पिता एवं बूढ़ी दादी साथ रहती है। दादी भी इलाज केलिए दिल्ली चली गयी थी तथा पिता ट्रैक्टर चलाते हैं एवं कामकाज से अक्सर बाहर रहते हैं। इसी का फायदा उठा कर पीड़िता के यहां मजदूरी का काम करने वाले भालपट्टी ओपी क्षेत्र के भालपट्टी गांव का रहने वाला अनिरुद्ध मंडल अक्सर उसके यहां आया करता था। पहलीबार उसने युवती को बहला फुसलाकर नशीली चीज मिलाकर कोल्डड्रिंक पिलाया और उसके साथ शारीरिक सम्बंध बनाया। साथ ही इसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद अक्सर वह जबतब आया करता था और वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करके यौन शोषण करने लगा।

युवती डर से किसी को कुछ नही बताती थी। युवती का गर्भ जब बढ़ा तो आसपास की महिलाओं को शक हुआ और उन्होंने युवती के पिता को जांच करवाने को कहा। जांच के बाद जब बात खुली तो ग्रामीणों ने युवती के पिता को बदनामी का हवाला देकर कहीं और ले जाकर गर्भपात अथवा डिलीवरी करवाने को कहा। युवती के पिता ने परिवार सहित गांव छोड़ दिया और शहर में किसी अनजान जगह रहने लगे।
इसी बीच इसकी सूचना चाइल्डलाइन को मिली। चाइल्डलाइन ने बाल कल्याण समिति से निर्देश प्राप्त कर युवती एवं परिजनों का कॉउंसलिंग कर सारी बात का सत्यापन अपने स्तर से किया। तत्पश्चात बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र झा, चाइल्ड लाइन सदस्य पंकज चौधरी, शिवगंगा देवी, काउंसलर सच्चिदानंद झा आदि पीड़िता को लेकर मंगलवार की शाम महिला थाना पहुंचे जहां प्राथमिकी दर्ज कर आगे कारवाई शुरू की गयी।

वहीं मामले की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ ने अमित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी का निर्देश थाना को दिया गया है।

