Home Featured मंत्री संजय झा 26 एवं 27 अक्टूबर को करेंगे कमला जनसंपर्क यात्रा।
Featured - मुख्य - October 25, 2022

मंत्री संजय झा 26 एवं 27 अक्टूबर को करेंगे कमला जनसंपर्क यात्रा।

दरभंगा: बिहार सरकार के जल संसाधन सह सूचना व जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा 26 और 27 अक्टूबर को ‘कमला जनसंपर्क यात्रा करेंगे। इस दौरान वे कमला नदी के किनारे अवस्थित मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर जिले के कई प्रखंडों से गुजरेंगे और वहां जनसंवाद करेंगे। बुधवार को यात्रा के दौरान मंत्री श्री झा दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड के कैथवार में 01.40 बजे, ठेंगहा में शाम चार बजे तथा किरतपुर प्रखंड के रसियारी में 05.10 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। 27 अक्टूबर को गौड़ाबौराम प्रखंड के बाथ में 11.15 बजे, कोठराम में 12.05 बजे तथा कुशेश्वरस्थान प्रखंड के सतीघाट में एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 02.20 बजे वे कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के केवटगामा में जनसभा को संबोधित करेंगे। 27 अक्टूबर को अपराह्न 3:35 बजे सल्हा बुजुर्ग में जीवछ- कमला नदी पर निर्माणाधीन पुल व एंटी फ्लड स्लूइस गेट का वे निरीक्षण करेंगे। यात्रा के उद्देश्यों के बारे में श्री झा ने कहा कि कमला नदी मिथिला की लाइफलाइन है। लेकिन, बाढ़ के दिनों में कमला जब विकराल रूप धारण करती थी तो काफी नुकसान पहुंचाती थी। क्षेत्र को कमला नदी की बाढ़ से स्थाई सुरक्षा दिलाने के साथ सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और यातायात सुगमता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए जल संसाधन विभाग एक साथ कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहा है।

Advertisement

यात्रा के दौरान वे विभागीय योजनाओं की प्रगति का स्थल निरीक्षण करेंगे, उसके बारे में स्थानीय लोगों से फीडबैक लेंगे, देखेंगे कि क्षेत्र में बाढ़ से सुरक्षा, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और यातायात सुगमता के लिए और क्या करने की जरूरत है। मंत्री श्री झा ने बताया कि अत्याधुनिक जयनगर बराज के निर्माण से बाढ़ अवधि में भी कमला के जलस्तर में कम वृद्धि होगी, जिससे बड़ी आबादी को बाढ़ के प्रकोप से राहत मिलेगी। साथ ही, इस बराज से निकलने वाली नहरों से कुल 29,559 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। मंत्री ने कहा कि बराज निर्माण के अलावा दूसरा जो बड़ा काम हो रहा है वह है कमला बलान बायां एवं दायां तटबंध का ऊंचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण। अब इस पर पक्की सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा। इससे मधुबनी व दरभंगा जिले के कई प्रखंडों के बड़े इलाके को बाढ़ से स्थाई सुरक्षा मिलेगी, जिससे लाखों लोग लाभान्वित होंगे।

Share