
चिह्नित तालाब, पोखरों व कुओं को शीघ्र अतिक्रमणमुक्त करवाने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश।
दरभंगा: मंगलवार को समाहरणालय परिसर आवस्थित आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन रौशन की अध्यक्षता में जल जीवन हरियाली अभियान की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि चिह्नित तालाब, पोखरों व कुओं में से 14 तालाबों, पोखरों व 27 कुओं को अतिक्रमणमुक्त कराना शेष रह गया है। जिलाधिकारी ने जिला समन्वयक, जिला जल स्वच्छता समिति को सभी सीओ से समन्वय स्थापित कर अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि पांच एकड़ से अधिक वाले तालाबों के जीर्णोद्धार का जिम्मा लघु जल संसाधन विभाग को दिया गया है। बैठक में बताया गया कि ऐसे 20 तालाबों पर काम शुरू किया गया था। 14 में काम पूरा हो गया है तथा चार पर काम जारी है। कार्यपालक अभियंता लघु जल संसाधन को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बताया गया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 283 तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया है। मनरेगा के माध्यम से 122 आहर एवं 119 पाईन का जीर्णोद्धार कराया गया है। निर्धारित लक्ष्य में बचे हुए आहर, पाईन को नवम्बर तक पूरा कराने का निर्देश ग्रामीण विकास विभाग को जिलाधिकारी ने दिया।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 40 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 571 कुओं का जीर्णोद्धार कराया गया है। पुन: प्रत्येक ग्राम पंचायत को तीन-तीन कुओं का जीर्णोद्धार कराने का लक्ष्य दिया गया है। बैठक में बताया गया कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नया खेत पोखर का निर्माण करवाया जा रहा है। बैठक में छत वर्षा जल संचयन, सघन पौधरोपण, टपकन सिंचाई की भी समीक्षा की गयी।
बैठक में डीआरडीए निदेशक गणेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज आदि उपस्थित थे।

