Home Featured ट्रक और बस की टक्कर में दो की मौत, आधा दर्जन घायल।
Featured - मुख्य - October 29, 2022

ट्रक और बस की टक्कर में दो की मौत, आधा दर्जन घायल।

दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच- 57 पर सिमरी थाना क्षेत्र के सिमरी पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार की देर रात हरियाणा से मधुबनी जा रही यात्री बस की टक्कर हाईवे पर ढाबा के सामने खड़े बालू लदे ट्रक से हो गई। इस घटना में दो यात्रियाें की मौत हो गई एवं छह यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसमें दो यात्रियों को डीएमसीएच से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के मुरहद्दी निवासी महेन्द्र यादव के बेटे विवेक कुमार यादव (21 वर्ष) व दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के बघौल निवासी गनौर खतवे के पुत्र ललित चौपाल (20 वर्ष) के रूप में की गई है। 

वहीं जख्मियों में सिमरी थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी बैधनाथ भगत के बेटे रामनंदन भगत (25वर्ष) व एक अन्य को डीएमसीएच से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पटना रेफर कर दिया गया है।

Advertisement

जाले थाना क्षेत्र के बघौल गांव के चंदर चौपाल के बेटे अरुण चौपाल व शकल खतवे के बेटे चुनचुन चौपाल के अलावा मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के मुरहद्दी निवासी राजदेव यादव के बेटे भरत यादव (22वर्ष) सहित अन्य कई लोगों का इलाज डीएमसीएच व निजी क्लिनिक में चल रहा है। सभी छठ पर्व मनाने घर आ रहे थे। बताया गया कि ट्रक चालक ढाबा के पास हाईवे किनारे ट्रक को खड़ा किया हुआ था। रात में हल्का कोहरा था। इसी बीच हरियाणा से मधुबनी के खुटौना जा रही जय श्री ट्रेवल की यात्री बस तेज गति से आकर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। जबरदस्त टक्कर के कारण ट्रक के पिछले व बस के अगले भाग के परखच्चे उड़ गए।

Advertisement
Share