
घर के सामने खड़ी बाइक की डिक्की से उच्चकों ने उड़ाये डेढ़ लाख रुपये, सीसीटीवी फुटेज आया सामने।
दरभंगा: दरभंगा में इन दिनों चोर एवं लुटेरे अब घटनाओं को अंजाम देने केलिए रात के अंधेरे का इंतजार नहीं करते, बल्कि दिनदहाड़े बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उनके बढ़े हौसले देखकर लगता है कि जैसे पुलिस की तरफ़ से किसी भी कारवाई न होने का ग्रीन सिग्नल उन्हें मिल गया हो।
इसी बढ़े हौसले के साथ विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद रुहेलागंज मोहल्ले में गुरुवार को घर के सामने खड़ी एक बाइक की डिक्की से उचक्कों ने एक लाख 48 हजार रुपये उड़ा लिये। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें टोपी पहने एक युवक बाइक की डिक्की खोलकर उसमें से रुपए निकालते हुए देखा गया है।

पीड़ित राजा महासेठ अनाज की खरीद-बिक्री करता है। गुरुवार की दोपहर वह अपनी मां के साथ एसबीआई की कादिराबाद शाखा से एक लाख 48 हजार रुपये निकालकर उसे बाइक की डिक्की में रखकर अपनी मां के साथ घर लौटा। घर के बाहर बाइक खड़ी कर घर के अंदर खाना खाने चला गया। खाना खाकर लौटने पर बाइक की डिक्की को खुला पाया। डिक्की के अंदर से रुपए गायब थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें रुपए निकालते हुए एक युवक को देखा गया। एक सीसीटीवी में बाइक सवार दो युवकों को बैंक से ही पीड़ित का पीछा करते हुए देखा गया है।
इधर विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस की कारवाई जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। शीघ्र उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

