
आम लोगों तक मैथिली भाषा में विज्ञान की बातें पहुंचाने केलिए होगा ओरिएंटेशन वर्कशॉप का आयोजन।
दरभंगा: आम लोगों तक मैथिली भाषा में विज्ञान की बातें पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी छह व सात नवंबर को सीएम साइंस कॉलेज में दो दिवसीय ओरिएंटेशन वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। महाविद्यालय के कामेश्वर भवन में होने वाले इस कार्यक्रम में विज्ञान प्रसार के निदेशक डॉ. नकुल पाराशर, पुणे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रभात रंजन एवं मानवेंद्र कंठ भी उपस्थित रहेंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्राचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने गुरुवार को कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए महाविद्यालय के शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें लनामि विवि के पीजी रसायन विभाग के अध्यक्ष सह प्रसिद्ध रसायन विज्ञानी प्रो. प्रेम मोहन मिश्र एवं वनस्पति विज्ञानी डॉ. विद्या नाथ झा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ‘डेवलपमेंट ऑफ पॉपुलर साइंस लिटरेचर विषय पर डॉ. योगेंद्र पाठक वियोगी, डॉ. प्रेम मोहन मिश्र एवं डॉ. विद्या नाथ झा विचार रखेंगे। ‘रोल ऑफ साइंस मैगजीन इन मैथिली लैंग्वेज विषय पर विष्णु कुमार झा, रामानंद झा रमण व प्रो. विश्वनाथ झा को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। वहीं ‘अपॉर्चुनिटी फॉर साइंस रायटर्स इन मैथिली लैंग्वेज विषय पर डॉ. ब्रजमोहन मिश्रा, डॉ. रामनरेश झा एवं डॉ. भवेश्वर सिंह को विशेषज्ञ वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। दूसरे दिन के कार्यक्रम में ‘हैंड्स ऑन साइंस फॉर टीचर्स विषय पर आधारित सत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक राम भूषण सिंह, राम नारायण राय एवं डॉ. राजकुमार चौधरी को आमंत्रित किए जाने पर सहमति बनी है। अंतिम सत्र ‘रोडमैप फॉर साइंस इन मैथिली लैंग्वेज विषय पर विज्ञान प्रसार के निदेशक डॉ. नकुल पराशर, पुणे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रभात रंजन एवं मानवेन्द्र कंठ अपने विचार रखेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ लनामि विवि के कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह करेंगे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि के कुलपति डॉ. शशि नाथ झा होंगे। बतौर विशिष्ट अतिथि कुलसचिव प्रो. मुश्ताक अहमद होंगे।
प्राचार्य ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की स्वायत्त संस्था विज्ञान प्रसार ने उन्हें महत्वपूर्ण जवाबदेही दी है।

