
शादी का झांसा देकर चार साल तक युवती से दुष्कर्म, एफआईआर दर्ज।
दरभंगा: फेकला ओपी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक लड़की को शादी का झांसा देकर पिछले चार साल से दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर पीड़िता ने शनिवार को महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

इसमें उसने कहा है कि वह चार साल पहले ट्यूशन पढ़ने के लिए जाती थी। इसी दौरान धोई घाट निवसी नंदन कुमार से संपर्क हुआ। वह शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपित ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके बाद कई तरह से धमकी देने लगा। प्रभारी महिला थाना अध्यक्ष वीणा कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

