
कटा हुआ हाथ कहीं सुल्ताना का तो नहीं! पीड़ित परिवार ने जतायी आशंका।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र अंतर्गत चकजोरा के निकट कब्रिस्तान में गुरुवार की रात एक कटा हुआ हाथ मिलने की खबर ने सनसनी फैला दी थी। लोग इसे दिल्ली जैसी घटना की आशंकाओं से जोड़ कर देखने लगे। पुलिस ने उक्त हाथ को जब्त कर लिया और जांच में जुट गयी। सदर डीएसपी अमित कुमार ने हाथ मिलने की पुष्टि करते हुए इसके फोरेंसिक जांच की बात भी कही है।
इस खबर की एक्सक्लूसिव कवरेज वॉयस ऑफ दरभंगा पर देखने के बाद कई लोगो ने संपर्क साधा। इस दौरान एक व्यक्ति ऐसे भी मिले जिन्होंने इस हाथ के अपनी बहन का कटा हुआ हाथ होने की आशंका व्यक्त की है। उक्त व्यक्ति की बहन फिलहाल डीएमसीएच के सर्जरी भवन में इलाजरत है। उनके मुताबिक घटना गत 20 अक्टूबर के रात्रि की है।

फिलहाल संभावित पीड़ित महिला के रूप में जिले के अलीनगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत मोहिद्दीनपुर पकड़ी निवासी मोहम्मद इरशाद की 30 वर्षीय पत्नी सुल्ताना खातून सामने आयी है, जिसका हाथ यात्रा के दौरान रहस्यमयी ढंग से कट गया था।
इस संबंध ने पीड़िता के भाई मोहम्मद अबुलैश ने बताया कि उनकी बहन सुल्ताना खातून गत 20 अक्टूबर की देर शाम पकड़ी से सूरत जाने के लिए ट्रेन पकड़ने दरभंगा के लिए ऑटो से निकली। सोनकी के निकट अंधेरे में ऑटो के निकट से तेज आवाज करती कोई मशीन गुजरी। मशीन गुजरने के साथ सुल्ताना का हाथ कट गया। उसने ऑटो ड्राइवर को कहा तो ऑटो ड्राइवर ने रोक कर देखा। सुल्ताना का दाहिना हाथ कट चुका था। सुल्ताना ने ड्राइवर को हाथ खोजकर डीएमसीएच ले चलने को कहा। पर ड्राइवर ने हाथ नहीं खोजा और उसे डीएमसीएच के बजाय बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल में जाकर भर्ती करा दिया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच लाया गया, जहां फिलहाल सर्जिकल वार्ड में उसका इलाज चल रहा है।

ऐसे में यदि पुलिस फोरेंसिक एवं डीएनए जांच करवा ले और पीड़िता की आशंका सही साबित होती है तो किसी अन्य बड़े घटना की आशंका की चर्चाओं पर विराम लग सकता है।

