
ई कॉमर्स कंपनी के माध्यम से शराब मंगवाने के आरोप में पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के कोतवाली ओपी की पुलिस ने एक ई कॉमर्स कंपनी के द्वारा शराब मंगवाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिला के धीवाही निवासी स्वर्गीय राजकुमार सिंह के पुत्र मोती प्रसाद सिंह के रूप में हुई है।

मामले को लेकर कोतवाली ओपी अध्यक्ष अमरनाथ प्रसाद ने बताया कि 14 अक्टूबर को दोनार के चर्च के सामने स्थित एक कॉमर्स कंपनी के हब ऑपरेटर द्वारा सूचना दी गई थी कि उनके यहां आए कुछ कुरियर के पैकेट में शराब होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सुचना पर कोतवाली ओपी की पुलिस ने कंपनी के कार्यालय पर पहुंचकर जब चिन्हित पैकेट का तलाशी लिया तो उसमें से कुल 9 कार्टून में 48 पाउच शराब की बरामदगी की गई थी। आगे थानाध्यक्ष श्री प्रसाद ने बताया कि कंपनी के हब ऑपरेटर संतोष कुमार द्वारा दो लोगों को नामजद किया गया था। इसमें अनुसंधान के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और पूरी जानकारी दी जा रही है। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल उन्होंने एक व्यक्ति के गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

