
चोरी और लूट की घटनाओं के बाद अब सामने आया रंगदारी का मामला, स्कूल संचालक से एक लाख की मांग।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: दरभंगा में चोरी एवं लूट की लगातार हो रही घटनाओं के बाद अब रंगदारी मांगने का मामला भी सामने आने लगा है। ताजा मामले में जिले के बहादुरपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत तारालाही स्थित निजी स्कूल के प्राचार्य से एक लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। प्राचार्या मधु चौधरी ने इसको लेकर बहादुरपुर थाना में आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने फोन पर एक लाख रुपये के रंगदारी की मांग करने और रंगदारी नही देने पर गोली मारने की धमकी की बात कही है।
मामले को लेकर शुक्रवार को स्कूल के डायरेक्टर अविनाश साह सदर एसडीपीओ अमित कुमार से मिलने पहुँचे। उन्होंने एसडीपीओ को स्थिति से अवगत करवाकर सुरक्षा की गुहार लगायी। एसडीपीओ ने उन्हें विधिसम्मत कारवाई का आश्वासन दिया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए स्कूल के डायरेक्टर अविनाश साह ने बताया कि पहले गत 5 नवंबर को एक व्यक्ति के माध्यम से स्कूल में पत्र भेज कर रंगदारी मांगा गया। फिर 18 नवंबर को अनजान नंबर से फोन आया और यह कहते हुए रंगदारी मांगा गया कि जिस इलाके में स्कूल है, वह इलाका फोन करने वाले का है। अगर एक लाख रुपया उसे नही दिया गया तो गोली मार दिया जाायेगा।
स्कूल के डायरेक्टर ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाया है, जिसमें लिफाफा छोड़ने वाले व्यक्ति की तस्वीर कैद है।
दरभंगा के सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। रंगदारी मांगने वाली की पहचान की जा रही है। शीघ्र मामले का उदभेदन कर लिया जाएगा।

