
बैंक परिसर में झोला काटकर उच्चकों ने बुजुर्ग के उड़ाये 80 हजार रुपये।
दरभंगा: जिले में बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों में विशेषकर बुजुर्ग एवं महिलाएं उच्चकों के निशाने पर हैं। अक्सर बैंक से निकलने के बाद उनका पीछा कर पैसा छीन लेने की खबरें आती रहती हैं। परंतु अब तो उच्चकों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे बैंक परिसर से भी पैसा उड़ाने लगे हैं।
ताजा मामला जिले के सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र का है, जहाँ पीएनबी के भरवाड़ा शाखा में शुक्रवार की दोपहर दो चोरों ने बुजुर्ग अब्दुल कुद्दूस अंसारी का झोला काटकर 80 हजार रुपए गायब कर दिये। कमतौल थाना क्षेत्र के बरैल कटैया निवासी बुजुर्ग अपने इलाज के लिए जमीन बेचकर बैंक में रुपये जमा करने आए थे।

अब्दुल कुद्दूस अंसारी ने बताया कि वह पैसा जमा करने के लिए फॉर्म भर कर जमा काउंटर पर लगी कतार में खड़ा हो गया। इसी बीच भीड़ का लाभ उठाकर बदमाशों ने उनके झोला को बीच से ही काट दिया और रुपए निकाल लिए। जब उनकी बारी आयी तो वह रुपये जमा करने के लिए भरी गई पर्ची बैंक के कर्मियों को दिया और बैग से रुपये निकालने लगा। उसने देखा कि झोला बीच से ही कटा हुआ है। रुपये कटने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग बैंक पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही गश्ती में निकली सिंहवाड़ा पुलिस भी मौके पहुंच गई। लेकिन इससे पूर्व ही बदमाश भीड़ का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में बदमाश को ट्रैक कर रही है। बैंक में शाखा प्रबंधक संजय कुमार मौजूद नहीं थे। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है।

