Home Featured सनकी युवक ने पीट-पीटकर पड़ोसी को उतारा मौत के घाट।
Featured - मुख्य - November 20, 2022

सनकी युवक ने पीट-पीटकर पड़ोसी को उतारा मौत के घाट।

दरभंगा: सदर थाना क्षेत्र के खुटवाड़ा मंडल टोल में शनिवार की रात एक सनकी युवक ने अपने पड़ोसी की हत्या बांस से मारकर कर दी। मृतक की पहचान स्व. लखन मंडल के पुत्र सुबोध मंडल  के रूप में हुई है।

सुबोध की हत्या करने का आरोप महेश मंडल के पुत्र चंद्रमणि मंडल पर लगाया जा रहा है। आरोपित घटना के बाद से ही फरार है। घटना की सूचना पर रविवार को थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। बताया जाता है कि आरोपित चंद्रमणि मंडल के मानसिक रोग का इलाज पूर्व में कई जगहों पर हुआ था। इसी साल उसकी शादी हुई है। शनिवार को आरोपित की पत्नी अपने भाई के साथ डॉक्टर के यहां गई थी। देर शाम तक पत्नी के घर नहीं लौटने पर चंद्रमणि ने अपने पिता एवं भाई के साथ झगड़ा किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकला।

Advertisement

उसके घर के सामने सुबोध मंडल खटिया रखकर बैठा हुआ था। चंद्रमणि ने सुबोध को वहां से खटिया हटाने को कहा। पास खड़े सुबोध के पुत्र चंदन ने चंद्रमणि को बगल से चले जाने को कहा। इसी बात पर वहां हल्की बकझक हुई। इसी बीच सनकी चंद्रमणि ने एक मोटा बांस उठाकर सुबोध के सिर पर दे मारा। इससे सुबोध का सिर बुरी तरह फट गया। घायल अवस्था में उसे डीएमसीएच ले जाया गया। इलाज के क्रम में देर रात में उसकी मौत अस्पताल में हो गई।

Advertisement

इसके बाद परिजन अस्पताल से सुबोध के शव को गांव ले आए। रविवार की सुबह स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के कई परिजन आरोपित की गिरफ्तारी के बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दे रहे थे। लेकिन पुलिस के समझाने पर वे लोग मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन के अनुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

Share