Home Featured विश्वस्तरीय बनेगा दरभंगा रेलवे स्टेशन, सर्वे केलिए पहुंची अधिकारियों की टीम।
Featured - मुख्य - November 24, 2022

विश्वस्तरीय बनेगा दरभंगा रेलवे स्टेशन, सर्वे केलिए पहुंची अधिकारियों की टीम।

देखिए वीडियो भी।

देखिए वीडियो भी 👆

दरभंगा: जल्द ही दरभंगा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। रेल मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ ही इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

इसको लेकर गुरुवार को आरएलडीए एवं रेल मंडल के अधिकारियों की टीम सर्वे के लिए दरभंगा जंक्शन पहुंची। टीम ने स्टेशन परिसर का पूरा सर्वें किया। उन्होंने सभी प्लेटफार्मों एवं वर्तमान में संचालित सुविधाओं का बारीकी से अध्ययन किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एडीआरएम मनीष कुमार ने बताया कि दरभंगा स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने का निर्देश सरकार द्वारा मिला है। इसके लिए स्टेशन के सर्वे एवं एस्टीमेट बनाने का कार्य आरएलडीए को दिया गया है। इसी को लेकर आरएलडीए एवं मंडल रेल अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण कार्यक्रम आज हुआ है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि इसमें यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए क्या अतिरिक्त सुविधाएं दी जा सकती है, इसका भी आकलन किया गया है। वर्तमान में अभी प्लेटफार्म नंबर एक से ही केवल यात्री आ सकते है, लेकिन नया स्टेशन बनने के बाद प्लेटफार्म नंबर छह की तरफ से भी यात्री आ सकेंगे।

उन्होंने बताया कि नये स्टेशन में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुविधाओं का भी ख्याल रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नए स्टेशन में आधुनिकता का ध्यान रखते हुए इसमें एयरपोर्ट एवं मॉल जैसा माहौल भी यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी सर्वे का काम किया गया है। इसके बाद इसका एस्टिमेट तैयार किया जाएगा। इसकी लागत साढ़े तीन सौ करोड़ के आसपास होगी।

मौके पर मौजूद भाजयुमो जिलाध्यक्ष बालेंदु झा ने आज के दिन को दरभंगावासियों केलिए ऐतिहासिक बताया। साथ ही इस कार्य केलिए उन्होंने रेल मंत्रालय एवं सरकार के प्रति आभार जताया।

Share