
नशेड़ियों ने युवक को पीट-पीटकर किया घायल, एफआईआर दर्ज।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कटहलिया-कटशा पथ पर गुरुवार को लगभग एक दर्जन नशेड़ियों ने घर से कटाशा बाजार आ रहे मो. फरहान को पीट-पीटकर जख्मी कर दिया।
जख्मी हालत में उसे सिंहवाड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जख्मी के आवेदन पर गांव के ही मो. अल्तमस, मो. जावेद, मो. मासूम, मो. फैजान, मो. रहमतुल्लाह, मो. नूरुद्दीन शेख, मो. आसिफ आदि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मो. फरहान ने बताया है कि वह घर से कटाशा बाजार जा रहा था।

इसी बीच पुलिया पर खड़े नशेड़ी राहगीरों को परेशान कर रहे थे। वे जब वहां पहुंचा तो उसे सड़क से हटने को कहा। इतना सुनते ही आरोपितों ने मेरी पिटाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पीड़ित की मां जीनत परवीन के साथ भी मारपीट व छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए हैं। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले का अनुसंधान शुरू किया गया है।

