
दियारा क्षेत्र में जारी है खूनी संघर्ष, विनोद मुखिया की गोली मारकर हत्या।
दरभंगा: जिले के तिलकेश्वर क्षेत्र के दियारा क्षेत्र में अपराधियों के बीच वर्चस्व को लेकर खूनी खेल जारी है। इसी क्रम में बुधवार को भी अपराधियों ने झाझा गांव में गोलियों के तड़तड़ाहट के बीच विनोद मुखिया की हत्या कर दी। मामला कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के उजुआ सिमरटोका पंचायत के झाझा गांव का है। झाझा गांव निवासी विनोद मुखिया अपनी पत्नी के साथ शाम में गांव के बगल में खेत देखकर लौट रहे था। उसी समय पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान विनोद मुखिया बचने के लिए बगल के घर में छिप गया। अपराधियों ने घर को चारों ओर से घेर कर विनोद मुखिया को घर से बाहर निकाला और सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि विनोद मुखिया का भी आपराधिक इतिहास रहा है तथा स्थानीय थाना में चौकीदार के भाई के साथ सहित अन्य लोगों की हत्या के प्रयास सहित तीन मामले दर्ज हैं।

विनोद मुखिया के बड़े भाई भरत मुखिया की विगत 10 अप्रैल को गांव के दक्षिण मक्का के खेत में घात लगाए अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जानकार बताते हैं कि कोसी तथा कमलाबलान नदियों की कई शाखाओं से घिरे तिलकेश्वर स्थान के दियारा क्षेत्र में एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व अपराधियों के धड़पकड़ के लिए काबिंग ऑपरेशन भी शुरू किया गया था जिस दौरान कई नामी गिरामी अपराधियों को जेल भी भेजा गया है। कोसी नदी में एक बार फिर फ्लेशफल्ड आ जाने से पुलिस को उक्त इलाकों में पहुंचने के लिए अन्तरजिला रूट का सहारा लेना पर रहा है।

