Home Featured नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक।
Featured - मुख्य - December 8, 2022

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक।

दरभंगा: गुरुवार को समाहरणालय परिसर आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में नगर निकाय चुनाव 2022 को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सभी निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की निर्धारित तिथियों, वज्रगृह व मतगणना स्थल की जानकारी नगर निकाय चुनाव लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को लिखित में उपलब्ध करा दी जाए। साथ ही उनके निर्वाचन प्रचार सहित अन्य व्यय के लिए निर्धारित व्यय की सीमा तथा आदर्श आचार संहिता, सरकारी सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के नियमों से अवगत करा दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान तिथि के लिए वाहन के लिए अभ्यर्थियों को अलग से अपने निर्वाची पदाधिकारी से अनुमति लेनी होगी। मतदान शुरू होने 48 घंटे पूर्व से प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा और इसका सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने सभी एसडीओ को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र के वैसे व्यक्ति जिनका पूर्व के निर्वाचन कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का इतिहास रहा है, को चिन्ह्ति कर उनके विरुद्ध धारा 107 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वैसे लोगों से बॉन्ड डाउन कराया जाए और आवश्यकता महसूस होने पर उनके विरुद्ध क्षेत्रबदर के लिए सीसीए में प्रस्ताव थाना स्तर से प्रेषित करवाया जाए।

जिलाधिकारी ने चुनाव के लिए बनाये गए विभिन्न कोषांगों द्वारा की गयी तैयारी की भी समीक्षा की। इनमें वाहन कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मतगणना एवं वज्रगृह कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, स्वीप कोषांग, मीडिया कोषांग, सामग्री कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग, व्यय अनुश्रवण कोषांग व आदर्श आचार संहिता कोषांग शामिल हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों से कहा कि प्रखंड स्तर पर वाहन कोषांग की व्यवस्था कर ली जाए। मतदान तिथि के लिए क्लस्टर बनाकर वहां सुरक्षित ईवीएम रखने की व्यवस्था कर ली लाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी मतदान केंद्र की त्रुटि वाली ईवीएम को ठीक करने व बदलने में ज्यादा समय न लगे।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र के पास एक हेल्प डेस्क बनाया जाए जहां अवशेष मतदाता पर्ची का वितरण करने के साथ मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम और क्रमांक खोजने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर बैटरी चार्जिंग, प्रकाश, फर्नीचर व बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था का आकलन संबंधित निर्वाची पदाधिकारी कर लें। एसएसटी एवं एफएसटी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहें, यह संबंधित निर्वाची पदाधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा मतदाताओं को धर्म, सम्प्रदाय, जाति या प्रलोभन के आधार पर प्रभावित करने की शिकायत प्राप्त होती है तो सम्बंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।

बैठक में डीडीसी अमृषा बैंस, अपर समाहर्ता सह अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा ‘राजा’, डीआरडीए निदेशक गणेश कुमार, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, डीटीओ राजेश कुमार, बेनीपुर एसडीओ शम्भू नाथ झा, वरीय उप समाहर्ता राहुल कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी मो. असलम अली, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा, आईसीडीएस डीपीओ डॉ. रश्मि वर्मा सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share