
दरभंगा के प्रोपर्टी डीलर का समस्तीपुर में मिला शव, हत्या को दुर्घटना दिखाने का भी किया गया प्रयास।
दरभंगा: दरभंगा के पड़ोसी जिले समस्तीपुर में दरभंगा जिले के एक प्रोपेर्टी डीलर की हत्या का मामला सामने आया है। हत्यारो द्वारा इसे दुर्घटना का रूप देने का प्रयास भी किया गया। पर इसमें वे कामयाब नहीं हो सके।
दरअसल, समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव के निकट कुल्हाड़ी से वार कर दरभंगा के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया है। मृतक का शव सड़क किनारे मिला है। उसके सिर पर पीछे से वार किया गया है। सड़क के पास ही उनकी बाइक व हेलमेट सुरक्षित पड़ी हुई मिली है। जबकि उनके शरीर में मिट्टी व धान लगा हुआ पाया गया। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के एकमी घाट के 50 वर्षीय श्याम किशोर यादव उर्फ शिवम यादव के रूप में की गई।

घटना के संबंध में मृतक के भतीजे चंदेश्वर यादव ने बताया कि उनके चाचा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। सोमवार देर शाम वह बाइक से घर की ओर निकले थे। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे।
चंदेश्वर यादव के अनुसार, इसी दौरान रात के करीब 11 बजे सूचना मिली कि उनका शव समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर के बासुदेवपुर के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ है। जब वे लोग वहां पहुंचे तो पहले तो बताया गया कि सड़क दुर्घटना हुई है, जबकि उनकी बाइक और हेलमेट पूरी तरह से सुरक्षित है।
चंदेश्वर का आरोप है कि उनके चाचा श्याम किशोर की बदमाशों ने सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या की और मामला दुर्घटना लगे, इसलिए शव को समस्तीपुर में लाकर सड़क किनारे फेंका है।
उधर, घटना की सूचना पर कल्याणपुर पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। कल्याणपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार के लोगों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

