
एम्स के मुद्दे पर सांसद का बयान भ्रामक और तथ्यहीन : विधायक।
दरभंगा: बेनीपुर विधायक व जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. विनय चौधरी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दरभंगा एम्स के मुद्दे पर सांसद गोपाल जी ठाकुर का बयान भ्रामक और तथ्यहीन है।

दरभंगा एम्स के मुद्दे पर लोगों का ध्यान भटकाने के बदले इसके समाधान के लिए वे गंभीर बनें। प्रो. चौधरी ने कहा कि एम्स निर्माण में विलंब के लिए भाजपा सांसद ने जदयू सरकार पर जो भी आरोप लगाये हैं वे निराधार, तथ्यहीन तथा भ्रामक हैं। हकीकत यह है कि केन्द्र सरकार की विफलता को छिपाने के लिए वे गलत बयान दे रहे हैं। सांसद को इस बात का जबाब देना चाहिए कि भाजपा-जदयू की बिहार सरकार में जब स्वास्थ्य और राजस्व दोनों मंत्री भाजपा कोटे के ही थे तो कितनी पहल और प्रयास किये गये। नीतीश कुमार व जदयू नेताओं का स्पष्ट सोचना है कि यदि शोभन के पास एम्स का निर्माण होता है तो एक नयी जगह का विकास भी होगा तथा अररिया, किशनगंज से लेकर मुजफ्फरपुर तक के लोगों को दरभंगा शहर के अंदर जाने की अनिवार्यता भी खत्म हो जाएगी।

