Home Featured बड़ी खबर: लहेरियासराय-सहरसा नई रेललाइन का होगा फाइनल लोकेशन सर्वे।
Featured - मुख्य - December 20, 2022

बड़ी खबर: लहेरियासराय-सहरसा नई रेललाइन का होगा फाइनल लोकेशन सर्वे।

दरभंगा: रेल मंत्रालय की तरफ से कोसी और मिथिला क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी की जानकारी मिली है। रेल मंत्रालय ने करीब सौ किमी लंबी लहेरियासराय-सहरसा नई रेललाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे करने का निर्णय लिया है।

रेल मंत्रालय ने फाइनल लोको सर्वे के लिए ढाई करोड़ राशि की स्वीकृति दी है। सर्वेक्षण के बाद नई रेललाइन परियोजना के लिए डीपीआर तैयार होगा। इस नई रेललाइन को स्वीकृति मिलने से कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र की लाखों की आबादी को काफी फायदा होगा। रेल मार्ग से जुड़ाव से वंचित कई ग्रामीण इलाकों को सफर करने के लिए नया रूट मिल जायेगा।

Advertisement

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम आलोक अग्रवाल ने कहा कि लहेरियासराय-सहरसा नई रेललाइन के सर्वे का कार्य रेलवे के निर्माण विभाग द्वारा किया जायेगा। सर्वे में यह देखा जायेगा कि रेललाइन का अलाइनमेंट (ट्रैक की रेखा) कैसा हो। नई रेललाइन के रास्ते में कितने पुल बनेंगे। कितनी जमीन अधिग्रहण करने की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान तकनीकी पक्षों का खास ध्यान रखा जाएगा।

वहीं इस रेल लाइन के बन जाने के बाद सहरसा से लहेरियासराय जाने को तीसरी रेल लाइन मिल जायेगी। अभी सहरसा से सुपौल, सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, दरभंगा होते लहेरियासराय तक पैसेंजर ट्रेनों से आवाजाही होती है, वहीं मानसी, रोसड़ा, समस्तीपुर होते लहेरियासराय रेल आवागमन जानकी एक्सप्रेस से संभव होता है। जमालपुर, मुशरिया के रास्ते लहेरियासराय से सहरसा तक नई लाइन बन जाने पर रेल से सफर करने को तीसरी रेललाइन मिल जायेगी। खास बात यह कि इस लाइन का सफर सबसे कम समय में मात्र तीन घंटे में पूरा हो जायेगा। स्थानीय लोगों ने इस लोकेशन सर्वे पर खुशी का इजहार किया है।

Share