
कुशेश्वरस्थान न्यास समिति की बैठक आयोजित, भीड़ से निपटने के लिए लिए गए कई अहम फैसले।
दरभंगा: मंगलवार को कुशेश्वरस्थान मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ संजीव कुमार कापड़ एवं डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी की संयुक्त अध्यक्षता में एक बैठक हुई। जिसमें एक जनवरी को मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ से निपटने की तैयारी को लेकर विचार विमर्श किया गया। मंदिर एवं बाजार में लगने वाली भीड़ से निपटने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। एक जनवरी को मंदिर के पूरब स्थित मुख्य गेट को बंद रखा जाएगा।

पूजा अर्चना करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार पूरब बाले मुख्य गेट से पहले एक नया अस्थायी गेट बनाया गया है।उस होकर श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा। श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर चंद्रकूप से पवित्र जल लेकर पंक्तिबद्ध खड़े होकर मंदिर में प्रवेश कर पूजा अर्चना कर मंदिर के पश्चिमी गेट से बाहर निकलेंगे। महिला एवं पुरूष के लिए अलग अलग लाइन होगी। मंदिर एवं गर्भ गृह में महिला एवं पुरूष पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। सभी प्रकार के वाहनों को पाड़ो दर्शनीय में रोक दिया जाएगा। किसी भी प्रकार के वाहन को बाजार में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

