
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता के वेतन पर लगाई रोक।

दरभंगा: शुक्रवार को जिला पदाधिकारी चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में कब्रिस्तान घेराबन्दी(नया)/एम0एस0डी0पी0/पी0एम0एल0ए0डी0/सी0एम0एल0ए0डी0/एल0ए0ई0ओ0 के सभी योजनाओ की समीक्षात्मक बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आहूत की गई।सांसद मद, विधायक मद एवं विधान पार्षद मद से चलायी जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा जिलाधिकारी ने की। पूर्व के बैठकों में लिये गये निर्णय के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। स्थिति संतोषप्रद न हो पाने की वजह से जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति को देखते हुए स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एल0ए0ई0ओ0) – 01 एवं 02 के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का आदेश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया साथ ही स्पष्टीकरण पूछने का भी निदेश दिया गया। अगली बैठक में प्रगति संतोषजनक नही पाये जाने की स्थिति में संबंधित अभियंताओं के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही हेतु अनुशंसा जिला पदाधिकारी के द्वारा की जाएगी। पुरानी योजनाओ के पूर्ण करने की तिथि निश्चित किया गया एवं तय समय में ही कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया गया। संबंधित कार्यपालक अभियंताओ को योजनाओं का सख्त अनुश्रवण करने का निदेश दिया गया। 15वीं लोकसभा से संबंधित सांसद मद में कुल 67 योजनाएँ लंबितपायी गयी।
कब्रिस्तान घेराबन्दी किये जाने की स्थिति की समीक्षा की गई एवं तय समय सीमा के अन्दर कार्य पूरा कर लेने का सख्त निदेश दिया गया। पंचायत सरकार भवन एवं ई-किसान भवन के निर्मा ण की स्थिति की समीक्षा की गई। इनके निर्माण कार्य में तेजी लाने का निदेश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री विवेकानन्द झा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी श्री जेड हसन, संबंधित कार्यपालक अभियंतागण, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी श्री कन्हैया कुमार, सहायक एवं कनीय अभियंतागण उपस्थित थे।

