
लालू के साथ मिलकर अपराध उद्योग चला रहे हैं नितीश कुमार:- गोपाल जी ठाकुर

दरभंगा: भाजपा के पूर्व विधायक सह पूर्व जिलाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर ने सोमवार की रात दरभंगा में व्यवसायी पर हुए हमले के बाद बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू के साथ मिलकर नितीश ने बिहार की जनता को अपराध उद्योग का तोहफा दिया है। लोग दिन दहाड़े गोलियां खा रहे हैं, दलितों पर अत्याचार बढ़ रहा है और इन्हें बिहार की चिंता नही, बस यूपी में शराबबंदी का ढ़ोल पीट रहे हैं। भाजपा के जिलामंत्री अशोक नायक ने कहा कि नीतीश कुमार एक तानाशाह हैं पर लालू के सामने उनकी एक नही चलती है। भाजपा के साथ शासनकाल में जो अपराधी जेल के अंदर थे या बिहार से बाहर चले गए थे, लालू के जंगलराज की वापसी होते ही उन्हें बल मिल गया और वापस बिहार में तांडव शुरू कर दिए। जिला मीडिया प्रभारी अमलेश झा ने मीडिया को उपरोक्त बयान की जानकारी देते हुए कहा कि दरभंगा की पुलिस अपराधियों के सामने बौनी साबित हो रही है क्योंकि ये अपराधी सरकार के संरक्षण में काम कर रहे हैं। यही कारण है कि व्यवसायी विनोद स्वाईका को खुलेआम गोली मार अपराधी आराम से चल निकले और घटना के चौबीस घंटे बीतने पर भी पुलिस खाली हाथ है। इस सरकार में पुलिस प्रशासन को जंग लग गया है। यदि शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी नही होती है तो भाजपा एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगी ।

