
आंदोलनकारी पर मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में माले ने फूंका एसडीओ और विधायक का पुतला।

दरभंगा : भाकपा माले प्रखंड सचिव अभिषेक कुमार और खेग्रामस के जिलाध्यक्ष जंगी यादव के साथ-साथ सैकड़ों आंदोलनकारियों पर मुकदमा दर्ज कराने के विरूद्ध भाकपा माले ने बीआरसी भवन से बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय के गेट तक आक्रोशपूर्ण मार्च निकाला और सदर एसडीओ के साथ-साथ बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक भोला यादव का पुतला दहन किया. पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व माले के प्रखंड सचिव अभिषेक कुमार, किसान महासभा के जिला सचिव रोहित कुमार सिंह, माले जिला कमिटी के सदस्य गजेन्द्र नारायण शर्मा और वार्ड सदस्य संघ के कृष्ण कुमार महतो ने किया. प्रदर्शनकारी प्राथमिकी दर्ज कराने वाले बीडीओ वापस जाने की मांग कर रहे थे. पुतला दहन के बाद खेमस प्रखंड अध्यक्ष गणेश महतो की अध्यक्षता में सभा का आयोजन किया गया. वक्ताओं ने कहा कि पिरड़ी पंचायत के आंदोलन से नीतीश कुमार के सात निश्चयों में एक पुल सड़क निर्माण करने में जिला प्रशासन की विफलता उजागर हुई है और इसी विफलता को छिपाने के लिए जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी पर मुकदमा कराया है. माले नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर आंदोलनकारी के उपर से दायर किये गये मुकदमा वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज होगा.

