
डॉक्टर की लापरवाही से जच्चा- बच्चा की मौत के आरोप पर हंगामा।

दरभंगा। जाले रेफरल अस्पताल में एक बार फिर चिकित्सकों की लापरवाही के कारण बुधवार को एक जच्चा बच्चा की मौत हो गई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। बताया जाता है कि जाले पश्चिमी पंचायत के अमृत साहू की 21 वर्षीय पत्नी मीना देवी को मंगलवार की देर रात प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डा. भारती यादव की देखरेख में मीना ने एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया। लेकिन, उसे बेबी केयर यूनिट में नहीं रखा गया। नतीजा यह हुआ कि तीन घंटे के अंदर ही नवजात ने दम तोड़ दिया। इधर, प्रसव पीड़िता की हालत भी खराब हो गई। अधिक रक्तास्त्राव होने से आनन-फानन में उसे गंभीर स्थिति में डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस घटना से अस्पताल कर्मियों के खिलाफ स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। 20 सूत्री अध्यक्ष नरेश चौधरी, जिप सदस्य उर्मिला देवी, आप के प्रखंड अध्यक्ष सुरेश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने लापरवाही की जांच कराने की मांग की है। घटना में शामिल दोषी चिकित्सक व कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

