
दरभंगा में आवास योजना भ्रष्टाचार का भंडाफोड़, अफसरों पर गिरी गाज।
दरभंगा: प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के मामले में सिंहवाड़ा प्रखंड के तत्कालीन बीडीओ अमरेंद्र कुमार पंडित और आवास सहायक पर बड़ी कार्रवाई हुई है। दरभंगा के आयुक्त कौशल किशोर ने बीडीओ पंडित के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करने का आदेश दिया है, वहीं बनौली पंचायत के तत्कालीन आवास सहायक सैयद करार हुसैन को सेवा से बर्खास्त करने का निर्देश जारी किया है।

जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अनिल कुमार की अदालत में यह मामला सुनवाई के बाद मजबूत हुआ। सुनवाई के दौरान अपीलकर्ता बनौली गांव के रामबाबू कुशवाहा ने ऑडियो व अन्य साक्ष्य प्रस्तुत कर भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। जांच में ऑडियो को सही पाया गया।

शिकायत में बताया गया कि बीडीओ, आवास सहायक और पंचायत प्रतिनिधियों ने मिलकर फर्जी समझौता पत्र तैयार कर उसमें अपीलकर्ता का जाली हस्ताक्षर करवाया। पूछताछ में बीडीओ ने सफाई दी कि पत्र उनके समक्ष नहीं बना, बल्कि करार हुसैन ने दिया था।

जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए 4 अगस्त 2025 को करार हुसैन की बर्खास्तगी की अनुशंसा की थी। कमिश्नर ने अब इस आदेश को सही ठहराते हुए कार्रवाई सुनिश्चित कर दी है।

आदेश की प्रति डीएम दरभंगा और ग्रामीण विकास विभाग, पटना को भेज दी गई है। मामले में जिला प्रशासन की सख्ती के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

