
दरभंगा में प्रतिदिन बीस घंटे से अधिक मिल रही निर्बाध बिजली : कार्यपालक अभियंता।
दरभंगा: जिले में प्रचंड गर्मी और नागरिकों की परेशानियों को देखते हुए विद्युत आपूर्ति विभाग ने विशेष पहल की है। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर दरभंगा में प्रतिदिन औसतन 23 घंटे से अधिक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ किसानों को भी पटवन में राहत मिल रही है।

31 अगस्त को एनएफएसएस पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जिले में 33 केवी के 60 फीडरों और 11 केवी के 176 फीडरों से बिजली आपूर्ति हो रही है। इसी दिन 33 केवी में तीनों डिवीजन से कुल 101 बार और 11 केवी में 1002 बार विद्युत अवरोध की सूचना दर्ज की गई। इसके बावजूद औसत आपूर्ति समय प्रभावशाली रहा।

दरभंगा शहरी क्षेत्र में 33 केवी से 23 घंटे 58 मिनट और 11 केवी से 23 घंटे 29 मिनट, ग्रामीण क्षेत्र में 33 केवी से 23 घंटे 07 मिनट और 11 केवी से 23 घंटे 38 मिनट, जबकि बेनीपुर में 33 केवी से 23 घंटे 29 मिनट और 11 केवी से 23 घंटे 35 मिनट औसत आपूर्ति दर्ज की गई।

कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति) ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के आलोक में खरीफ फसल की बुआई को ध्यान में रखते हुए कृषि फीडर से लगातार 20 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।


