
बलभद्रपुर मुहल्ला में लाखों की चोरी, लोगों में दहशत।
दरभंगा: शहर के बलभद्रपुर मुहल्ला में चोरों ने एक सुनियोजित वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों का निशाना जन सुराज की नेता प्रतिभा सिंह का मायका और उनके चाचा शशि भूषण सिंह का घर रहा।

प्रतिभा सिंह ने बताया कि चोरी किए गए सामान में करीब 35 हजार रुपये नकद, सोने की चैन, कान की बाली, ब्रेसलेट, अन्य गहने, चांदी के चार गिलास, करीब 60 चांदी के सिक्के, पायल, कपड़े और बर्तन शामिल हैं। घटना के समय घर पूरी तरह से खाली था। परिवार के सदस्य बीते कई महीनों से मुंबई में रह रहे हैं। गणपति पूजा के मौके पर उनके छोटे चाचा भी मुंबई गए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने चोरी कर ली।

उन्होंने यह भी बताया कि वारदात से ठीक एक दिन पहले उनके ड्राइवर की साइकिल भी कैंपस से चोरी हो गई थी। इससे आशंका है कि चोर पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे।

स्थानीय निवासी प्रभात कुमार ने कहा कि बलभद्रपुर हमेशा सुरक्षित इलाका माना जाता रहा है। यहां पहली बार इतनी बड़ी घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं और असुरक्षा की भावना गहराई है।

घर के मालिक राजेश मोहन सिंह ने इस संबंध में लहेरियासराय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी है। मुहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एफएसएल की टीम ने भी मौके से सैंपल लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक नकाब और एक कीमती घड़ी बरामद की है और शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
इस चोरी की घटना ने बलभद्रपुर जैसे घनी आबादी वाले मुहल्ले में लोगों की नींद उड़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।

