Home Featured मूंछ वाला’ नेता हरिनंदन यादव नहीं रहे, तेजस्वी यादव ने दी श्रद्धांजलि।
Featured - मुख्य - September 7, 2025

मूंछ वाला’ नेता हरिनंदन यादव नहीं रहे, तेजस्वी यादव ने दी श्रद्धांजलि।

दरभंगा: राजद के कद्दावर नेता एवं पूर्व विधायक हरिनंदन यादव का शनिवार को पटना के पारस अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। रविवार को उनके पैतृक गांव हनुमाननगर में राजकीय सम्मान के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी।

Advertisement

तेजस्वी यादव पहुंचे दरभंगा

रविवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव हेलिकॉप्टर से बिशनपुर पहुंचे और स्व. हरिनंदन यादव के निवास स्थान जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “हमें उनके अंतिम दर्शन का अवसर नहीं मिल पाया, इसलिए पटना से यहां दरभंगा आए हैं। हरिनंदन पार्टी के शुरू से लेकर अंत तक इमानदार कार्यकर्ता रहे, उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।”

Advertisement

उन्होंने बताया कि स्व. यादव ने हनुमाननगर ब्लॉक की स्थापना में अहम भूमिका निभाई थी। अपनी भूमि दान देकर उन्होंने ब्लॉक की नींव डलवाने का काम किया। उस समय लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री थे। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य कारणों से लालू प्रसाद दरभंगा नहीं आ पाए, लेकिन उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया है।

Advertisement

‘मूंछ वाला’ कहकर पुकारते थे लालू यादव

तेजस्वी यादव ने स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि लालू यादव स्व. हरिनंदन को स्नेहपूर्वक ‘मूंछ वाला’ कहकर संबोधित करते थे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा राजद परिवार उनके साथ खड़ा है।

Advertisement

शेर की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

स्व. यादव के पोते रौशन जोशी ने कहा कि “दादा शेर थे और शेर की विरासत हमें संभालनी है। हम उनके रास्ते पर चलते हुए जनता की सेवा करेंगे।” इस मौके पर उन्होंने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सहित तमाम नेताओं के प्रति आभार जताया।

राजनीतिक सफर और योगदान

दरभंगा जिले के हनुमाननगर निवासी हरिनंदन यादव ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से की थी। वर्ष 1995 में वे पहली बार जनता दल के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2005 में फरवरी और अक्टूबर-नवंबर में हुए विधानसभा चुनावों में वे राजद उम्मीदवार के रूप में लगातार विधायक बने।

उन्होंने हनुमाननगर प्रखंड का गठन, विद्यालयों की स्थापना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नींव रखने में अहम योगदान दिया।

नेताओं ने जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। लालू प्रसाद यादव ने अपने संदेश में कहा कि पार्टी और समाज ने एक सच्चे एवं ईमानदार कार्यकर्ता को खो दिया है।

Share