
19.63 लाख के गबन मामले में महिला पैक्स अध्यक्ष गिरफ्तार।
दरभंगा: मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र के मऊबेहट पंचायत की पैक्स अध्यक्ष साजन खानम उर्फ साजो खानम को सरकारी राशि गबन के मामले में गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन पर 19 लाख 63 हजार 462 रुपये की सरकारी राशि के गबन का आरोप है, जिसके संबंध में तत्कालीन बीसीइओ विनोद कुमार ने 9 अगस्त को मामला दर्ज कराया था।

थानाध्यक्ष के अनुसार, बीसीइओ ने इन्हें शत-प्रतिशत सीएमआर जमा करने का निर्देश दिया था, लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद राशि जमा नहीं की गई। निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं होने पर इनके विरुद्ध गबन की प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में घर पर इश्तेहार भी चिपकाया गया।

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रही थीं। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साजन खानम को गिरफ्तार किया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 

