
खेल मंत्री ने किया वादा: जाले प्रखंड में बनेगा आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम।
दरभंगा: जाले प्रखंड में आयोजित काजी मौलाना मुजाहिद उल इस्लाम मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का फाइनल मुकाबला सोमवार को रोमांचक अंदाज में समाप्त हुआ।

फाइनल में मोतिहारी और समस्तीपुर की टीमें भिड़ीं, जिसमें मोतिहारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समस्तीपुर को 28 रनों से हरा कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।मोतिहारी की टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलित खेल दिखाया। समस्तीपुर ने अंतिम ओवरों तक संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और जाले विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. जीवेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया और आयोजन समिति की सफलता की सराहना की।इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने जाले की जनता को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की, “जाले की पावन धरती पर अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड का निर्माण होगा।

” घोषणा होते ही मैदान तालियों से गूंज उठा और क्षेत्रवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजकों के सहयोग से यह आयोजन यादगार बन गया, जबकि ग्राउंड निर्माण की घोषणा ने इसकी सफलता को और बढ़ा दिया।

