Home Featured ट्रक चालक से तीस हजार की लूट, स्कॉर्पियो जब्त; कुहासे में बदमाश फरार।
Featured - क्राइम - मुख्य - December 28, 2025

ट्रक चालक से तीस हजार की लूट, स्कॉर्पियो जब्त; कुहासे में बदमाश फरार।

दरभंगा: दरभंगा-मुजफ्फरपुर हाइवे एनएच-27 पर सिमरी थाना क्षेत्र में 27 दिसंबर की देर शाम बेखौफ अपराधियों ने एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर उसकी जेब से 30,000 रुपये लूट लिए।

Advertisement

वारदात के बाद अपराधी काले रंग की स्कॉर्पियो से मुजफ्फरपुर की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिमरी पुलिस ने पीछा कर मुजफ्फरपुर से स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया, हालांकि घने कुहासे का लाभ उठाकर बदमाश भागने में सफल रहे।पीड़ित ट्रक चालक की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के लाखन टोला निवासी लक्ष्मण यादव के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार वह जयनगर से बालू बेचकर शनिवार रात ट्रक से पटना लौट रहा था। इसी दौरान सिमरी के पास फोरलेन पर एक होटल के समीप काली स्कॉर्पियो ने ओवरटेक कर ट्रक को आगे से रोक दिया।

Advertisement

इसके बाद स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने चालक को जबरन नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे 30000 रुपये छीन लिए। आरोप है कि बदमाशों ने चालक का मोबाइल फोन भी जमीन पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को अंजाम देकर सभी आरोपी स्कॉर्पियो से मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकले।

Advertisement

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल स्कॉर्पियो का पीछा शुरू किया। पुलिस के दबाव में स्कॉर्पियो सवार करीब पांच की संख्या में अपराधी कुहासे और अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से स्कॉर्पियो जब्त कर ली है और संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Share