
परचून व्यवसायी की मौत हत्या एवं आत्महत्या के गुत्थी में उलझी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक नाथबाबा धर्मशाला से सटे मंगलवार की देर शाम एक परचून व्यवसायी व मुफ्ति मोहल्ला मिलान चौक निवासी स्व. शिव प्रसाद गुप्ता के पुत्र मनोहर गुप्ता 45 का शव संदेहास्पद स्थिति में उनके दुकान के गोदाम में पाया गया। बताया जाता है कि मनोहर का परचून का दुकान गांधी चौक नाथबाबा धर्मशाला के पास है। उनके दुकान के ठीक उपर उनका गोदाम भी है। बता दें कि उक्त स्थान पर शाम 7 बजे के बाद दुकान बंद हो जाती है। लेकिन, उनकी दुकान खुली थी। आसपास के लोग जब काफी देर तक दुकान खुला देखे तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कुछ लोग दुकान पर गए। वहां किसी को नहीं देख कुछ लोग उनके छत पर स्थित गोदाम में गए। जहां व्यवसायी का शव और चारो तरफ बिखरे खून देख पुलिस व परिजनों को खबर दी। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। नगर थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के बाएं हाथ का नश दो जगह कटा हुआ था। वहीं उनके गर्दन में रस्सी का फंदा लगा हुआ था। वहीं गले से निकल रहे खून पर चीटी भी लगी हुई थी और पैंट भी खुला हुआ था। इससे अंदाज लगाया जा रहा है कि व्यवसायी की मौत काफी देर पहले हो चुकी होगी। यहां पुलिस के लिए यह भी जांच का विषय होगा कि जो व्यक्ति नश काट लिया वह फंदा पर कैसे लटकेगा। इधर, स्थानीय लोगों का भी कहना है कि व्यवसायी की मौत संदेहास्पद है। वहीं परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं थी। न ही घर में कोई अनबन ही था। ऐसी स्थिति में कोई क्यों आत्महत्या करेगा। परिजनों व मुहल्लावासियों ने पुलिस से पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच की मांग की।

