
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता की 90 लाख की काली संपत्ति, विजिलेंस ने लिया हिरासत में।
दरभंगा: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बिरौल ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम पर बड़ी कार्रवाई की है। उन पर पटना, दरभंगा सहित अन्य जिलों में आय से अधिक करीब 90 लाख रुपये की अघोषित संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।डीएसपी शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व वाली पटना विजिलेंस टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। बिरौल कार्यालय में दस्तावेजों की गहन जांच कर महत्वपूर्ण फाइलें व रिकॉर्ड खंगाले गए। अभियंता को वहीं से हिरासत में लिया गया।

दरभंगा के पंडसराय स्थित उनके आवास पर भी टीम ने दबिश दी। वहां से संपत्ति संबंधी दस्तावेज, बैंक खाते व अन्य कागजात बरामद होने की संभावना है। अधिकारियों ने उनकी आय, जमीन-जायदाद, भवन, वाहन व निवेशों की जांच शुरू कर दी है।विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, संपत्ति का स्रोत वैध है या भ्रष्टाचार से जुड़ा, यह पता लगाया जा रहा है। आरोप सिद्ध होने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी।


