
प्रखंड सलाहकार समिति की बैठक से फिर गायब रहे बीइओ। Voice of Darbhanga

सिंहवाड़ा: ग्रामोदय वीथी द्वारा संचालित चाइल्ड लाइन के प्रखंड सलाहकार समिति की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि प्रकाश की अध्यक्षता में अयोजित की गयी। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रखंड प्रमुख आरती देवी एवं अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से मोमबत्ती जला कर बैठक का उद्घाटन किया गया। बैठक में शिक्षा विभाग से जुडी समस्या सबसे ज्यादा रहने के वाबजूद पिछली बैठक की तरह इस बैठक में भी न प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित हुए और न ही उनका कोई प्रतिनिधि। चाइल्ड लाइन की तरफ से बाल विकास परियोजना द्वारा आंगनबाड़ी सेविकाओं को सही ढंग से प्रशिक्षित न किये जाने के कारण परवरिश योजना का लाभ अनाथ बच्चों तक सही ढंग से नही पहुँचने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस योजना के तहत जिस बच्चे के माँ-बाप नही हैं और किसी परिजन के यहां रह रहे हैं तो सरकार द्वारा उन्हें परवरिश योजना का लाभ दिया जाना है। पर अब तक केवल चाइल्ड लाइन द्वारा दिए गए 61 आवेदन पर ही काम हुआ है जिसमे कुछ अभी भी लंबित है। यह कार्य आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा किया जाना है परंतु सही प्रशिक्षण के अभाव में उनकी उपलब्धता इस मामले में अभी तक शून्य रही है। इसके साथ साथ बाल श्रम पूरी तरह खत्म करने केलिए प्रखंड धावा दल विशेष सक्रीय बनाने की योजना पर भी बल दिया गया। बैठक ने सिंहवाड़ा थाना एसआई बुद्धदेब राम, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्रभूषण ठाकुर, ग्राम पंचायत राज पदाधिकारी महादेव दास, चाइल्ड लाइन के जिला कॉर्डिनेटर रविंद्र कुमार, सेंटर कॉर्डिनेटर आराधना कुमारी, ब्लॉक कॉर्डिनेटर बिमलेश चंद्र सिंह, मनोहर झा, राजू मेहतर, अशोक साफी, मनोज कुमार साह एवं वीरेंद्र झा आदि लोग भी उपस्थित थे।

