
नगर थाना क्षेत्र में लॉटरी के धंधे का पुलिस ने किया भंडाफोड़, थानाध्यक्ष को कारवाई की भनक तक नही।

दरभंगा । नगर थाना क्षेत्र के गुल्लोबाड़ा स्थित केलागद्दी से पुलिस ने बुधवार को लॉटरी के धंधे में संलिप्त सात धंधेबाजों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में देर शाम नगर थाना परिसर में एएसपी दिलनवाज अहमद ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस दो दिन पूर्व व्यवसायी से लूट मामले में छापेमारी करने निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र के केलागद्दी में बड़े पैमाने पर लॉटरी का धंधा खुलेआम चल रहा है। तत्काल एएसपी ने एक टीम का गठन कर मामले की रेकी करवाई। सादे लिबास में पुलिस को भेजकर लॉटरी के टिकट की खरीदारी की गई। पुलिस ने पूरे ठिकानों की जानकारी लेकर कई थानों की पुलिस के साथ लॉटरी के अड्डों पर छापेमारी की गई। बड़ी संख्या में पुलिस को देख थोड़ी देर के लिए इलाके में हड़कंप मच गई। भगदड़ के बीच पुलिस ने लॉटरी के सात धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार धंधेबाजों के पास से 67 हजार 170 रुपये नकद, तीन बाइक, एक साइकिल, कोरेक्स सिरप, 6 मोबाइल, 3 घड़ी, 5 कैलकुलेटर, 8 पीस नंबर बोर्ड, विदेशी मुद्रा सहित बड़ी संख्या में लॉटरी के कूपन बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए धंधेबाजों में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी मोहल्ले के स्व. विश्वनाथ पूर्वे का पुत्र जगन्नाथ पूर्वे, लडडू मल का पुत्र महेश कुमार, नगर थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर मोहल्ले के रामवृक्ष सहनी का पुत्र गुडडू सहनी, जीतुगाछी के स्व. विश्वनाथ सहनी का पुत्र गोपाल सहनी व हीरा साह का पुत्र अमरनाथ साह, गुल्लोबाड़ा के इमलीघाट निवासी शंभु साह का पुत्र निर्मल साह व भगत सिंह चौक के मो. यूसुफ का पुत्र मो. एजाज शामिल हैं।
एएसपी ने कहा कि इस कार्रवाई में शामिल पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए एसएसपी से अनुशंसा की जाएगी।
मजेदार बात यह है कि इस पुलिसिया कार्रवाई की भनक तक वहां के थानाध्यक्ष अजित कुमार राय को नहीं लगने दी गई। छापेमारी में सदर थानाध्यक्ष बालकृष्ण यादव, विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष अमरेन्द्र ठाकुर, एएसआई महादेव कामत, रामबाबू यादव,नगर थाना के एएसआई महेश्वर दत्त मिश्रा, जर्नादन शर्मा सहित दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे।

