
मंत्री ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा।

दरभंगा । जल संसाधन मंत्री ललन सिंह ने कहा कि सूबे की नदियों में प्रत्येक वर्ष जम रही गाद की सफाई के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा क्योंकि गाद बढ़ने से तटबंध पर दबाव बढ़ गया है। यह बात राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कमला-बलान के पूर्वी एवं पश्चिमी तटबंध का निरीक्षण कर लौटने के बाद सुपौल बाजार के खोरागाछी मैदान के हेलीपैड के निकट पत्रकारों से कही। मंत्री ने कहा कि कमला बलान तटबंध को हर हाल में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए बड़े पैमाने पर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर 24 घंटे निगरानी करने की व्यवस्था की गई है। जलस्तर में वृद्धि होने से तटबंध में हो रहे रिसाव को बंद करने हेतु युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पश्चिमी तटबंध की देखभाल के लिए समस्तीपुर के मुख्य अभियंता, पूर्वी तटबंध के लिए दरभंगा सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त चार सहायक अभियंता तथा आठ कनीय अभियंता को कार्य पर लगाया गया है। रिसाव स्थल पर गिट्टी-बालू देने का कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त अधिक संख्या में बोरा में मिट्टी भरकर रखने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता इन्द्रभूषण कुमार व राजेश कुमार सहित दरभंगा डीएम चन्द्रशेखर सिंह तथा एसडीओ मो. शफीक व एसडीपीओ सुरेश कुमार उपस्थित थे।

