
अब जाम से निजात केलिए रेड लाइट लगाने की योजना।

दरभंगा। दरभंगा नगर निगम ने जाम से शहर को मुक्ति दिलाने केलिए फिर एक बड़ा फैसला लिया है। दरभंगा शहर के प्रत्येक चौक-चौराहे की निगरानी सीसीटीवी से कराकर लोगों को अब जाम से निजात दिलाने की कवायद का नगर निगम सभागार में मंगलवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक मे निर्णय लिया गया। हंगामे के बीच हुई मैराथन बैठक की अध्यक्षता मेयर गौरी पासवान ने की। उन्होंने शहर के हर चौक चौराहे पर ऑटोमेटिक ट्रैफिक लाइट लगाने की घोषणा की। हर ट्रैफिक प्वाइंट पर नाईट मोड का मूविंग सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्णय लिया गया। इसका क्रियान्वयन विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से होगा। पार्षद प्रदीप कुमार गुप्ता के प्रस्ताव पर मेयर श्री पासवान ने प्रयोग के तौर पर इसे सबसे पहले दौनार चौक पर क्रियान्वित करने की घोषणा की। शहर के लोगों को मच्छर से निजात दिलाने के लिए 24 फॉगिंग मशीन क्रय करने की घोषणा की गई। हर दो वार्ड पर एक फॉगिंग मशीन होगी। वहीं साफ-सफाई को देखते हुए हर वार्ड के लिए 50 केजी चूना व 5 केजी ब्लीचिंग पाउडर क्रय कर मुहैया कराने की बात कही गई। वार्ड के अंदर छोटी-छोटी योजना को सरल रूप से क्रियान्वयन कराने के लिए प्रति वार्ड साढ़े चार लाख रुपये की योजना की स्वीकृति दी गई। वहीं हर वार्ड में दो-दो हैंड बौरो मुहैया कराया जाएगा। क्रय करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।

