बालगृह में अनाथ बच्चे की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा । बाल गृह विशेष इकाई में बुधवार को एक अज्ञात अनाथ बच्चे की मौत हो गई। घटना के संबंध में बाल गृह विशेष ईकाई के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 4 मई को बच्चे को मधुबनी बाल कल्याण समिति के द्वारा सौंपा गया था। उसी समय बच्चे की स्थिति ठीक नहीं थी । तत्काल बच्चे को डीएमसीएच में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए 6 सितंबर को आईजीआईएमएस रेफर कर दिया। उसके अगले दिन 7 सितंबर को डॉक्टरों उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसकी जांच रिपोर्ट को देखकर 19 सितंबर को डिस्चार्ज कर दिया। वहां से कर्मी बच्चे को लेकर बाल गृह चले आए। बुधवार की सुबह बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे डीएमसीएच ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। बाल गृह के कर्मियों के द्वारा हिन्दु रिति रिवाज के अनुसार बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया। उन्होंने कहा 4 मई को यह बच्चा मधुबनी जिला के कलुआही में भटकता हुआ मिला था। कलुआही थाना की पुलिस बच्चे को मधुबनी बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार दरभंगा बाल गृह विशेष ईकाई में आवासित किया गया था। सहायक निदेशक बाल कल्याण प्रशांत कुमार मिश्रा के आदेशानुसार उक्त बच्चे का सरकारी एवं निजी डॉक्टरों से भी काफी इलाज कराया गया था।

