
डिक्की में जबरन दारू रखकर फसाये जाने के विरुद्ध उत्पाद अधीक्षक सहित 6 पर नालिसी। Voice of Darbhanga

दरभंगा। उत्पाद विभाग द्वारा न जाने कितने लोगों को दारु के साथ या दारू के नशे में पकड़ा जाता है जिसकी हकीकत अक्सर वही सामने आती है जो विभाग द्वारा बताया जाता है। शायद आरोपी का पक्ष सामने नही आ पाता। पर इसबार खुद को फसाये जाने का विरोध करने की हिम्मत करने वाले भी आखिर सामने आये। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट कमर्शियल चौक निवासी अभय कुमार सिन्हा ने शनिवार को दरभंगा के उत्पाद अधीक्षक दीनबन्धु, अनि उत्पाद सदर दक्षिणी अंचल विनीत प्रसाद, सदर दक्षिणी अंचल के सअनि अरविन्द कुमार सिंह व तीन अन्य उत्पाद पुलिस कर्मियों के विरूद्ध सीजेएम की अदालत में नालिसी मुकदमा दायर किया है। अपने परिवाद पत्र में श्री सिन्हा ने कहा कि 29 सितंबर की शाम 7 बजे वे अपने बीमार लड़के को डॉक्टर से दिखाने जा रहे थे। कमर्शियल चौक के निकट उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चेकिग अभियान चल रहा था। जिस कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने उत्पाद अधीक्षक से जाने देने के लिए कहा। इस पर उन्होंने गाली-गलौज व मारपीट की। अपने मातहत से मेरी बाइक की डिक्की में शराब रखकर मुझे फंसाने का काम किया। इसके अलावा और कई आरोप लगाए गए हैं। सीजेएम विद्यासागर पाण्डे की अदालत ने परिवाद पत्र सं0 1353/16 की गंभीरता को देखते हुए दप्रसं की धारा 192 के तहत अग्रेतर कार्रवाई हेतु प्रथम श्रेणी न्यायिक दण्डाधिकारी शमीम रजा की अदालत में स्थानान्तरित कर दिया है। वादी की ओर से अधिवक्ता अमरेन्द्र कुमार झा एवं हेमन्त कुमार ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा।

