
जिलाधिकारी ने समीक्षात्मक बैठक में दिए कई निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा । जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय के सभागार में हुई। इस दौरान लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत प्राप्त परिवाद पत्रों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने सभी पारित आदेशों को ऑनलाईन करें। आदेश सोच-समझ कर नियमानुकूल करें। अबतक निष्पादित परिवाद पत्रों में सर्वोत्तम 5 का चुनाव कर भेजें, ताकि उसे प्रचारित करवाया जा सके। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मानवाधिकार आयोग से प्राप्त परिवाद पत्रों के निष्पादन के स्थिति की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों को अविलंब निष्पादित कर प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया। सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी व एलपीए मामलों की समीक्षा की गई। सभी संबंधित विभागों को प्रति-शपथ पत्र बनाकर दाखिल करने का निर्देश दिया गया। लंबित एसी व डीसी विपत्रों की विभागवार समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को यथोचित विपत्र बनाकर महालेखाकार कार्यालय में जमा करने की हिदायत दी गई। जिला कोषागार पदाधिकारी को लंबित एसी बिल की समीक्षा के लिए अलग से बैठक करने को कहा। सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत पेंशन वितरण डाटा डिजिटाईजेशन की स्थिति की समीक्षा की गई। प्रभारी पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने बताया कि अबतक कुल 85 प्रतिशत डिजिटाईजेशन का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य को अविलंब पूरा करने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारियों को चेतावनी पत्र देने का आदेश दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ की गई। अबतक किए गए कार्यो में और तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त विवेकानंद झा, डीआरडीए निदेशक जेड हसन, तीनों एसडीओ व डीसीएलआर, विशेष कार्य पदाधिकारी सह वरीय उप समाहत्र्ता रवींद्र कुमार दिवाकर, वरीय उप समाहत्र्ता रमेशचंद्र चौधरी, शंकर शरण ओमी, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय मिश्र, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार व जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

