
प्रेम प्रसंग में हुए मारपीट में घायल लड़के के पिता की मौत। Voice of Darbhanga
दरभंगा । बहादुरपुर थाना के फेकला ओपी क्षेत्र के बिउनी अंदामा पंचायत के अंदामा गांव में बुधवार की रात धीरेन्द्र सिंह नामक एक वृद्ध की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के बड़े भाई ब्रजेन्द्र सिंह के आवेदन पर सुरेन्द्र सिंह, उनके बेटे राजेश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू, संजय सिंह व राजनाथ सिंह चार लोगों के विरूद्ध हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। फेकला ओपी प्रभारी केसी भारती ने बताया कि मरने से पहले धीरेन्द्र सिंह ने अपने बयान में कहा था कि सिनुआर गोपाल से घर जाते समय सुरेन्द्र सिंह व अन्य ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और बुरी तरह से पीटा है। बताया जाता है कि धीरू का दोष सिर्फ इतना था कि उनका पुत्र राजा सुरेन्द्र सिंह के भतीजा कृष्ण प्रसाद सिंह की पुत्री सीता उर्फ चिंकी से प्रेम कर बैठा । प्रेम-प्रसंग के दौरान ही राजा अपने प्रेमिका सीता के साथ भागकर शादी कर लिया। इसे लेकर सीता के पिता ने राजा सिंह, उसके भाई कन्हाई सिंह, मां कविता देवी व पिता धीरेन्द्र सिंह के विरुद्ध 1 जून को अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने व लड़की वालों के भय से धीरू का पूरा परिवार गांव से भागा हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात लड़की के चचेरे दादा सुरेन्द्र सिंह की गांव में ही धीरू पर नजर पड़ गई। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ धीरू को धर-दबोचा। इसके बाद उसे बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने घर बाबू साहेब कॉलोनी लाकर जमकर पिटाई की। पिटाई से धीरू अधमरा हो गया। इसके बाद सुरेन्द्र सिंह फेकला ओपी को फोन कर बाबू साहेब कॉलोनी बुलाया। फेकला ओपी प्रभारी केसी भारती बहादुरपुर थाना के सहयोग से बाबू साहेब कॉलोनी गई। जहां से धीरू को गंभीर हालत में पहले बहादुरपुर पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से रेफर होने पर धीरू को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के बड़े भाई ब्रजेन्द्र सिंह के आवेदन पर उपरोक्त चार लोगों के विरूद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सभी चारों आरोपी को गिरफ्तार कर ली है। फेकला ओपी प्रभारी केसी भारती ने बताया कि मरने से पहले धीरू ने अपना बयान दिया था। उसने बताया था कि सिनुआर गोपाल से घर जाते समय सुरेन्द्र सिंह व अन्य ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और बुरी तरह से पीटा है।

