
तो क्या आस्था के पर्व में वार्ड पार्षद भी लगे हैं अवैध वसूली में? Voice of Darbhanga

दरभंगा: आस्था एवं श्रद्धा के पर्व दशहरा में एक तरफ प्रशासन एवं प्रतिनिधि श्रद्धालुओं की सेवा में लगे हैं तो वहीँ एक कथित वार्ड पार्षद द्वारा पूजा में भी भक्तो को लूटने का घिनौंना कृत्य सामने आया है। पीडब्लुडी विभाग में कार्यरत एक कर्मी नवीन चौधरी ने बताया कि सोमवार की रात अपने परिवार के साथ जब वे हसन चौक स्थित नगर निगम के पार्किंग में अपनी गाड़ी पार्क किये तो गाडी निकालते समय खुद को वार्ड पार्षद सुबोध प्रसाद बताने वाले व्यक्ति ने जबरन 20 रुपये प्रिंट वाली रसीद काटकर 100 रुपये वसूले। जब उक्त कर्मी ने इसका विरोध किया तो कथित वार्ड पार्षद ने बदसलूकी शुरू कर दी। वहां किसी भी प्रशासनिक पदाधिकारी या सुरक्षाकर्मी की उपस्थिति नही होने एवं परिवार के साथ होने के कारण उन्होंने तत्काल 100 देकर अपनी जान छुड़ाई। पर एक सवाल यह रह गया कि अगर उक्त व्यक्ति सचमुच में वार्ड पार्षद था तो क्या चुनाव नजदीक आने के कारण पैसा वसूली के इतने घटिया स्तर पर गिर जाना उचित है वह भी आस्था के पर्व में? इस घटना के बाद क्या ऐसे व्यक्ति के ऊपर सख्त कानूनी कारवाई करके जेल नही भेज देना चाहिए ताकि आस्था के पर्व में लूटने वाले केलिए एक सबक हो!

