
वर्षो से नारकीय स्थिति जीने को विवश दर्जनों परिवार को मिलेगी जलजमाव से मुक्ति। Voice of Darbhanga

मनीगाछी: प्रखंड के ग्राम पंचायत राज तरौनी अंतर्गत बड़ी तरौनी के दक्षिणवारी टोला (गवारटोली) के करीब 50 घरों के लोग वर्षो से जलजमाव के कारण नारकीय जीवन जीने को विवश थे। पर ऐसी ही मूलभूत समस्याओं को लेकर बाबा नागार्जुन ग्राम सेवा समिति के लगातार संघर्षरत रहने का परिणामस्वरुप अब इन परिवारों को भी जलजमाव के कारण नारकीय जीवन एवं महामारी की आशंका से मुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है। इस समस्या को लेकर कल सोमवार को समिति के तरफ से पंचायत के मुखिया से मिलकर आवेदन दिया गया और समाधान की गुहार लगायी गयी। समाधान में सबसे बड़ी अड़चन एक व्यक्ति द्वारा नाले को खेत में नही बहने देना था जबकि पहले पानी उसी खेत में वर्षो से बहता था। पर बात जब नाला बनने की बात आई तो खेत के मालिक अड़ गए कि अपने खेत में पानी नही बहने देंगें। इस कारण इस मोहल्ले की ये हालत थी। पर नागार्जुन ग्राम सेवा समिति के पहल पर आज मुखिया त्रिवेणी महतो एवं उपमिखिया अजय तिवारी अपने दलबल के साथ स्थल पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद फंड के अभाव का रोना रोकर फिलहाल सड़क बनवाने में असर्मथता जाहिर की। पर तत्काल ईंट बिछाकर चलने लायक बनवाने तथा जलनिकासी केलिए नाला बनवाने का आश्वासन दिया। इस खबर से 50 से अधिक घरों के लोगों के बीच हर्ष की लहर दौड़ गयी। इस अवसर पर समिति के संरक्षक मंडल की प्रमुख सदस्या वंदना मिश्रा ने सड़क बन जाने पर अगले साल यहां गरबा डांडिया के आयोजन की घोषणा करके लोगो के उत्साह को और दुगुना कर दिया।

